- RBH NEWS। GAURAV
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। पश्चिम बंगाल में राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही ममता बनर्जी सरकार के मंत्रियों की शक्तियां भी खत्म हो गई हैं। हालांकि ममता बनर्जी ने साफ कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी।
बंगाल में बढ़ा तनाव, भाजपा-TMC कार्यकर्ता भिड़े
हावड़ा के शिवपुर इलाके में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद राज्य का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।

तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस
तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें हासिल की हैं, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से वह पीछे है। राज्यपाल ने TVK से 118 विधायकों का समर्थन साबित करने को कहा है। कांग्रेस के 5 विधायक फिलहाल TVK के समर्थन में बताए जा रहे हैं।
AIADMK ने विधायकों को पुडुचेरी भेजा
राजनीतिक जोड़तोड़ की आशंकाओं के बीच AIADMK ने अपने 47 में से 28 विधायकों को पुडुचेरी शिफ्ट कर दिया है। पार्टी नेतृत्व को डर है कि सत्ता गठन को लेकर विधायकों में टूट-फूट हो सकती है।
DMK-AIADMK के बीच बैकचैनल बातचीत!
तमिलनाडु की राजनीति में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कट्टर प्रतिद्वंदी DMK और AIADMK के बीच भी सरकार गठन को लेकर बातचीत चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक फॉर्मूले पर चर्चा हुई है जिसमें AIADMK सरकार बनाए और DMK बाहर से समर्थन दे सकती है। हालांकि अभी तक किसी भी दल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कांग्रेस और DMK में बढ़ी तकरार
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि INDIA गठबंधन किसी एक पार्टी के कहने से खत्म नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा और RSS का मुकाबला सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। उदित राज ने DMK पर कांग्रेस को सरकार में शामिल न करने का आरोप भी लगाया।
DMK ने कांग्रेस पर लगाया गठबंधन तोड़ने का आरोप
DMK विधायक दल की बैठक में चार अहम प्रस्ताव पारित किए गए। पार्टी ने कांग्रेस पर सेक्युलर गठबंधन छोड़ने और पुराने राजनीतिक रवैये पर लौटने का आरोप लगाया। साथ ही एमके स्टालिन को मौजूदा हालात में सभी जरूरी फैसले लेने का अधिकार दे दिया गया।
कपिल सिब्बल ने राज्यपाल पर उठाए सवाल
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि संवैधानिक परंपरा के मुताबिक सबसे बड़ी पार्टी को पहले सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल जानबूझकर समय निकाल रहे हैं ताकि भाजपा को राजनीतिक समीकरण बदलने का अवसर मिल सके।
VCK ने TVK के सामने रखी शर्त
VCK नेता एसएस बालाजी ने कहा कि उनकी पार्टी तभी TVK का समर्थन करेगी जब विजय की पार्टी यह भरोसा दिलाए कि वह भाजपा या RSS के दबाव में काम नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल को जल्द से जल्द विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए।


