RBH News | Gaurav Jaswal | उत्तर प्रदेश के बस्ती में जाली नोटों के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट टीम, सर्विलांस और वाल्टरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 4 लाख 20 हजार रुपए के जाली नोट बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल : पुलिस को सूचना मिली थी कि बक्साई पुल के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान 500, 200 और 100 रुपए के कुल 17 बंडल नकली नोट बरामद हुए। साथ ही 3 मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
नेपाल कनेक्शन आया सामने :गिरफ्तार आरोपियों में मणिकांत चौधरी नेपाल का निवासी है, जिससे इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पुष्टि होती है। अन्य आरोपियों की पहचान मुस्तफा, नबीउल्लाह, नबीउल्लाह उस्मानी और हबीबुर्रहमान के रूप में हुई है, जो बलरामपुर, महाराजगंज और संतकबीर नगर के रहने वाले हैं।
ऐसे बनाते थे बुजुर्गों को निशाना : अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से ग्रामीण इलाकों में वारदात को अंजाम देता था।
- टारगेट एरिया: बस्ती, अयोध्या, सिद्धार्थनगर और अंबेडकर नगर
- शिकार: ग्रामीण बैंकों के बाहर पैसे निकालने आने वाले बुजुर्ग
- तरीका: आरोपी लोगों को भरोसे में लेकर उनके असली नोट ‘डबल’ करने का लालच देते थे और बदले में नकली नोट थमा देते थे।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी : पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोट कहां छापे जा रहे थे और इस गिरोह का सरगना कौन है।
पुलिस की अपील : पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।


