4 September 2026:RBH NEWS:Gaurav श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर ने बच्चों संग बांटी खुशियां, होशियारपुर में लंगर सेवा:
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर परिवार की ओर से मानवता, प्रेम, सेवा और सर्वधर्म सद्भावना का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। SDKM जालंधर परिवार ने बच्चों के साथ जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं, वहीं होशियारपुर में लंगर सेवा का आयोजन कर लोगों को सेवा और इंसानियत का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. सूफी राज जैन ने कहा कि केवल श्री कृष्ण जी का जन्मदिन मनाने से अधिक महत्वपूर्ण उनकी लीलाओं और शिक्षाओं को समझकर उन्हें अपने जीवन में अपनाना है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण अपने मित्र सुदामा से मिलने के लिए राजमहल और वैभव की परवाह किए बिना उनके पास पहुंचे और मित्रता की मिसाल कायम की। इसी तरह हमें भी जरूरतमंद और वंचित लोगों के साथ मिलकर त्योहारों की खुशियां बांटनी चाहिए।

डॉ. सूफी राज जैन ने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन हमें प्रेम, कर्म, मानवता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम उनके आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारें और समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े हों।

उन्होंने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आस्था और परंपराओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समाज में प्रेम, सेवा, भाईचारे और इंसानियत को बढ़ावा देने का अवसर भी होते हैं। बच्चों के साथ खुशियां बांटना और लंगर सेवा करना इसी मानवीय भावना का प्रतीक है।

इस अवसर पर डॉ. सूफी राज जैन ने सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मुरली मनोहर श्री कृष्ण जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, प्रेम, आनंद और सद्भावना बनी रहे। आइए, श्री कृष्ण के प्रेम और सर्वधर्म समभाव के संदेश को अपनाकर मानवता को और मजबूत बनाएं।”

सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर परिवार ने इस अवसर पर समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।


