होशियारपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ के अंतर्गत आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ किया गया, जिसमें होशियारपुर स्थित सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर ने आधिकारिक सहयोगी (Official Partner) के रूप में सक्रिय सहभागिता निभाई।

सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना। इस दौरान सभी ने नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए समाज को नशे से मुक्त बनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सूफी राज जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी युवाओं से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
- कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित युवाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अंत में संस्था की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं MY Bharat से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



