RBH News | Gaurav | मातृ दिवस पर सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर द्वारा सिविल अस्पतालों में विशेष सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित.
होशियारपुर / जालंधर (पंजाब), 10 मई:
मातृ दिवस के पावन अवसर पर सर्व धर्म ख़्वाजा मंदिर परिवार द्वारा होशियारपुर एवं जालंधर के सिविल अस्पतालों में विशेष सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवजात शिशुओं को जन्म देने वाली माताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें मातृ दिवस की शुभकामनाएं, आशीर्वाद एवं उपयोगी उपहार भेंट किए गए।

कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष Dr. Sufi Raj Jain (गुरु जी) एवं दिव्या जी (गुरु माँ) की प्रेरणा से आयोजित किया गया। इस दौरान नई माताओं एवं शिशुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी वस्तुएँ प्रदान की गईं, जिससे प्रसव के बाद उन्हें सहयोग मिल सके।

मातृ दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक माता को एक विशेष शुभकामना पत्र भी भेंट किया गया, जिसमें उनका नाम अंकित कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल जीवन की मंगलकामनाएं दी गईं। इस भावनात्मक पहल ने अस्पताल परिसर में उपस्थित परिवारों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मातृ शक्ति के सम्मान में विशेष उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि —
“माँ ही सृष्टि है।”
एक माँ का प्रेम संसार की सबसे पवित्र अनुभूति है तथा उसके त्याग, धैर्य और ममता का कोई मूल्य नहीं लगाया जा सकता।

इस अवसर पर Dr. Sufi Raj Jain एवं दिव्या जी (गुरु माँ) ने कहा कि माताएं ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। उनके संस्कारों, प्रेम और आशीर्वाद से ही मानवता जीवित रहती है तथा समाज में करुणा और सद्भाव का प्रकाश फैलता है। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस तो बस एक बहाना है. माँ का कर्ज़ तो बहुत पुराना है. जिसे हम सबको चुकाना हैं। एक माँ के लिए तो हर दिन ही विशेष है. ये तो एक रस्म है जिसे हम निभा रहे हैं। जब माँ अपनी पूरा ज़िंदगी बिना किसी स्वार्थ सिर्फ़ हमारे लिए जीती है तो उसका कर्ज़ कैसे उतार सकते हैं जब औरत माँ बनती है तो उसका दूसरा जन्म होता है तब वह एक शक्ति बनती है जिस से यह सृष्टि निर्मित है इसलिए मातृ दिवस के लिए एक दिन कोई मायने नहीं रखता.

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में उपस्थित माताओं एवं उनके परिजनों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से मानव सेवा, समाज कल्याण एवं सेवा भाव का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया।
संस्था की ओर से बताया गया कि सर्व धर्म ख़्वाजा मंदिर भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा, मानव कल्याण एवं जरूरतमंदों की सहायता के कार्य निरंतर करता रहेगा।



