जालंधर में दिनदहाड़े बैंक लूट: PNB में घुसे नकाबपोश, गन प्वाइंट पर 5-7 लाख लेकर फरा
RBH NEWS। JALANDHAR (GAURAV)
शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब बैंक एन्क्लेव इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दो नकाबपोश लुटेरे घुस आए और पिस्तौल के बल पर लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो लुटेरे चेहरे ढककर बैंक में दाखिल हुए। उस समय बैंक में स्टाफ के साथ-साथ कई ग्राहक भी मौजूद थे। लुटेरों ने सीधे कैश काउंटर पर बैठी महिला कैशियर को निशाना बनाया और पिस्तौल दिखाकर धमकाया। डर के माहौल में कैशियर को मजबूरन नकदी सौंपनी पड़ी। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 5 से 7 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों लुटेरे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डीसीपी ढिल्लों ने बताया कि पुलिस टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर जांच में जुटी हुई है।


