
27 February 2026(Gaurav Jaswal)
जालंधर: बहन के एक्सीडेंट के समझौते के दौरान भाई की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात कार चालक फरार
जालंधर, पंजाब: थाना मकसूदां के अधीन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार पर दोहरा कहर बरपा दिया। जहां एक ओर युवती के एक्सीडेंट मामले में समझौते की प्रक्रिया चल रही थी, वहीं दूसरी ओर उसके भाई की अलग सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को डी.ए.वी. यूनिवर्सिटी के समीप एक युवती का एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उसे पठानकोट बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। युवती का वीरवार दोपहर ऑपरेशन होना था। इसी बीच वीरवार सुबह मामले को लेकर दोनों पक्षों में समझौते की प्रक्रिया चल रही थी।
इसी दौरान युवती का भाई अतुल ठाकुर पुत्र अच्छे लाल निवासी गांव बुलंदपुर अपने दोस्त गगनदीप अरोड़ा निवासी पंजाबी बाग के साथ स्कूटी पर करतारपुर की ओर गया था। वापसी के समय गांव लिद्दड़ां गेट के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क किनारे पिलर से टकरा गए।
हादसे में अतुल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गगनदीप अरोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। थाना मकसूदां के ए.एस.आई. केवल सिंह ने पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह घटना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।



