
दिल्ली में हुए दो अलग-अलग हत्या मामलों की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस जांच में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए “बटन नाइफ” उन्होंने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit से खरीदे थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने Blinkit के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पश्चिमी दिल्ली में दोनों मर्डर केस की तफ्तीश के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि हथियार ऑनलाइन मंगाए गए हैं। सच्चाई परखने के लिए पुलिस ने खुद ग्राहक बनकर उसी तरह का चाकू ऑर्डर किया। डिलीवरी मिलने के बाद जब उसका माप लिया गया, तो चाकू तय कानूनी सीमा से बड़ा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के कई Blinkit डार्क स्टोर्स पर छापेमारी की और 55 से अधिक बटन नाइफ जब्त किए। बताया जा रहा है कि ये चाकू करीब 699 रुपये में बेचे जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ऐसे हथियारों की ऑनलाइन बिक्री में नियमों का पालन हुआ या नहीं। इस कार्रवाई के बाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर सुरक्षा नियमों और जिम्मेदारी को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
